कुकड़ेश्वर। नगर में दीपावली का पर्व इस वर्ष बड़े धूमधाम और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। पर्व के अवसर पर पूरे नगर में उत्सव और आनंद का वातावरण व्याप्त रहा। सुबह से ही बाजारों में रौनक देखी गई- कपड़ा, सजावट, फटाखे और मिठाइयों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। नगरवासी दीपावली की खरीदारी में पूरे उत्साह के साथ व्यस्त नजर आए।
मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें लगी रहीं, वहीं फटाखा बाजार और फूल-माला की दुकानों पर भी लोगों का उत्साह देखने योग्य रहा। दीपों की जगमग रोशनी से पूरा नगर आलोकित हो उठा और घर-घर में माता लक्ष्मी का विधिवत पूजन किया गया।
दीपावली के अगले दिन पारंपरिक गोवर्धन पूजा भी श्रद्धा और भक्ति भाव से संपन्न हुई। महिलाओं ने घर-घर में गोबर से गोवर्धन पर्वत का निर्माण कर पूजा-अर्चना की और भगवान श्रीकृष्ण की आराधना की। ब्राह्मण मोहल्ला सहित नगर के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजा कर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।
इस अवसर पर नगरवासियों ने एक-दूसरे को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और मिलजुलकर पर्व की खुशियाँ मनाईं।