देवरी खवासा। दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में आज ग्राम देवरी खवासा के प्राचीन चारभुजा नाथ मंदिर पर गोवर्धन पूजन एवं अन्नकूट प्रसादी महोत्सव बड़े ही धार्मिक उत्साह और श्रद्धा भाव के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में ग्रामवासियों का आना-जाना लगा रहा और वातावरण “जय चारभुजा नाथ” के जयघोषों से गूंजता रहा। कार्यक्रम की शुरुआत गोवर्धन पूजन से हुई, जिसके बाद गन्ने की प्रसादी सहित विविध प्रकार की अन्नकूट प्रसादियां रखी गईं। गांव के वरिष्ठजनों, महिलाओं और युवाओं ने मिलकर प्रसादी की व्यवस्था की। भगवान चारभुजा नाथ की मंगल आरती के पश्चात सभी श्रद्धालुओं को अन्नकूट की भव्य प्रसादी वितरित की गईइस अवसर पर समस्त ग्रामवासी, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, बालक-बालिकाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और प्रसादी का श्रद्धा भाव से लाभ लिया। मंदिर परिसर में सुंदर दीप सज्जा और फूलों की आरती ने माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने बताया कि यह परंपरा वर्षों से गांव में चली आ रही है, जहां दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजन कर अन्नकूट महोत्सव मनाया जाता है। इस अवसर पर गांव के सभी समाजजनों ने एकता और भाईचारे का संदेश दिया।कार्यक्रम का आयोजन समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से किया गया, जिसमें सभी ने अपनी भागीदारी निभाई। दिनभर चले इस आयोजन में गांव में भक्ति, उत्सव और मिलन का वातावरण बना रहा।