चित्तौड़गढ़। मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ पर पंच दिवसीय दीपोत्सव पूरी श्रृद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्तिक कृष्णा चतुर्दशी सोमवार को ठाकुर जी की संध्या महाआरती के बाद वेदपीठ परिसर में वैभव पूजन किया गया। इस दौरान ठाकुरजी के आकर्षक रथ सहित कल्याण भक्तों के सैकड़ों दोपहिया व चौपहिया वाहनों का वेदपीठ के आचार्याे एवं बटुकों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सामूहिक पूजन किया गया। कार्तिक कृष्णा अमावस्या को प्रकाश पर्व दीपोत्सव वेदपीठ पर उत्साह के साथ मनाया गया। वेदपीठ परिसर में महालक्ष्मी पूजन शुभ महूर्त में करने के साथ ही नगर के व्यवसायिक एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों के यहां वेदपीठ के आचार्याे एवं बटुकों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महालक्ष्मी पूजन करते हुए कल्याणनगरी और देश-प्रदेश में सर्वत्र खुशहाली की मंगल कामना की। वहीं ठाकुरजी को श्रीराम स्वरूप में सुसज्जित कर कल्याण नगरी को अयोध्या निरूपित करने का सार्थक प्रयास किया गया। ठाकुर जी की मनोहारी झांकी देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। वहीं सतरंगी रोशनी से वेदपीठ को सुसज्जित किया गया, जो भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। पंच दिवसीय दीपोत्सव का आयोजन पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ द्विगुणित करते हुए कल्याणनगरी को दीपोत्सव के उपलक्ष्य में जगमग रोशनी के साथ नया कीर्तिमान स्थापित किया गया।
कल्याण गौशाला में की गोवर्धन पूजा-
बुधवार को कल्याण लोक स्थित कल्याण गौशाला में कल्याण भक्तों एवं ग्रामीणों ने गौमाता की सामूहिक रूप स्व सेवा पूजा के साथ ही भगवान गोवर्धननाथ की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना की गई। गौशाला परिसर में विराजित भगवान श्री कृष्ण की पूजा कर गायों को लापसी, गुड़ एवं हरे चारे का भोग लगाया। वैदिक विधि विधान से अभिजीत मुहूर्त में गोवर्धन नाथ की पूजा अर्चना की। साथ ही गौशाला में विराजित गौमाता की पूजा भी की। इसके बाद आरती कर गौ माता को लापसी एवं मिष्ठान का भोग लगाया गया। भोग में कल्याण गौशाला में गायों के लिए हरा चारा एवं सवा क्विंटल लापसी का भोग लगाया।
वीर बालको ने जयमल कल्ला स्मारक को किया सुसज्जित-
पंच दिवसीय दीपोत्सव के पावन अवसर पर वेदपीठ से जुड़े वीर बालकों द्वारा कल्याण चौक में स्थापित जयमल कल्ला स्मारक की साफ सफाई करने के साथ ही पूरे स्मारक परिसर को सुसज्जित किया गया, जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। इस मौके पर वीर बालकों द्वारा दीप ज्योति शृंखला के साथ ही स्मारक पर माल्यार्पण कर वीरवर जयमल कल्ला को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।