नीमच। जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लगातार दर्ज हो रहे मुकदमों को लेकर शनिवार को कांग्रेस नेताओं के प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल से मुलाकात की। कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं का पक्ष रखते हुए मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि हाल ही में सोशल मीडिया पर राजनीतिक पोस्ट डालने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। सिंगोली में ख्वाजा हुसैन, रतनगढ़ में राजू राठौर और जावद थाने में अठाना के कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की गई है, जो राजनीति से प्रेरित प्रतीत होती है।
प्रतिनिधि मंडल ने यह भी बताया कि सिंगोली पुलिस द्वारा पूर्व सरपंच रामलाल गुर्जर पर एकपक्षीय कार्रवाई की गई है और कांग्रेस द्वारा दिए गए ज्ञापन पर अब तक जांच शुरू नहीं हुई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बिना किसी लिखित शिकायत के पुलिस द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को फोन पर दबाव डालकर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।
इसके साथ ही, नेताओं ने मनासा के खिमला प्लांट हादसे में मृतक परिवारों को मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर किए गए आंदोलन के बाद कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष श्याम सोनी, जिला पंचायत सदस्य आर. सागर कच्छावा, रामकिशन रावत सहित अन्य पर दर्ज मामलों पर भी आपत्ति जताई।
एसपी से चर्चा के दौरान कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल में पूर्व मंत्री नरेंद्र नाहटा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, पूर्व विधायक डॉ. संपत स्वरूप जाजू, प्रदेश सचिव सत्यनारायण पाटीदार, पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल चौरसिया और अरविंद चौपड़ा, पीसीसी सदस्य मंगेश संघई, मधु बंसल, वरिष्ठ अधिवक्ता महेश पाटीदार तथा भगत वर्मा शामिल रहे। एसपी अंकित जायसवाल ने कांग्रेस नेताओं को सभी मामलों की निष्पक्ष और उचित जांच का आश्वासन दिया।