भोपाल। मध्य प्रदेश में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। रविवार सुबह श्योपुर जिले में जमकर बारिश हुई। सलवानिया बुखारी गांव में खेतों में काटकर रखी गई धान की फसल पानी में बह गई। किसान फसल को बचाने की जुगत करते रहे।
भोपाल में शनिवार रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है, वहीं इंदौर में भी बारिश दर्ज की गई। धार, बड़वानी, झाबुआ और अलीराजपुर में अगले दो दिन तक तेज बारिश का अलर्ट जारी है। इंदौर और उज्जैन में बूंदाबांदी होने की संभावना है। प्रदेश के कुल 24 जिलों में मौसम बदलने का अनुमान है।
शनिवार को भी भोपाल, उज्जैन, शाजापुर, पांढुर्णा सहित कई जिलों में बारिश हुई। शाजापुर के अकोदिया और पांढुर्णा में सड़कों पर पानी बह गया। भोपाल में बादल छाने और धुंध के कारण विजिबिलिटी घट गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में धार, बड़वानी, झाबुआ और अलीराजपुर में ढाई से साढ़े 4 इंच तक पानी गिरने की संभावना है।
इंदौर, उज्जैन, रतलाम, आगर-मालवा, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, शाजापुर, सीहोर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में हल्की बारिश, गरज-चमक और आंधी का अलर्ट है। बाकी जिलों में मौसम साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी।
मौसम विभाग ने 27, 28 और 29 अक्टूबर तक प्रदेश के भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम और जबलपुर संभागों में बारिश और तूफानी मौसम का अलर्ट जारी किया है। पिछले कुछ दिनों से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई थी, लेकिन बारिश के बाद तापमान में हल्की वृद्धि हुई है। बारिश थमने के बाद रात के तापमान में फिर गिरावट होने का अनुमान है।