नीमच। मनासा विकासखंड के लसुड़िया आंतरी गांव में शनिवार देर शाम दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान एक युवक को पोल से बांधकर पीटने का आरोप लगाया गया है। इस घटना का एक वीडियो रविवार को सामने आया, जिसके बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बंजारा समाज के लोगों ने आरोप लगाया है कि उनके समुदाय के युवक को पोल से बांधकर बंधक बनाया गया और उसके साथ मारपीट की गई। यह घटना वीडियो में भी नजर आ रही है। हालांकि, वॉईस ऑफ इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। वहीं, बांछड़ा समुदाय के लोगों ने पलटवार करते हुए कहा है कि बंजारा समाज के युवक ने उनकी एक महिला के साथ अभद्रता और मारपीट की थी। इस संबंध में पीड़ित महिला ने कुकड़ेश्वर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सूचना मिलने पर कुकड़ेश्वर थाना प्रभारी भीमसिंह सिसौदिया मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को थाने बुलाया। बंजारा समाज के युवक बलराम पिता प्रभुलाल बंजारा ने अपने साथ हुई मारपीट को लेकर शिकायत दर्ज करवाई। वहीं, बांछड़ा समाज की महिला की रिपोर्ट पर बलराम के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 394 (लूट के प्रयास के दौरान मारपीट) के तहत मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी सिसौदिया ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज कर ली गई हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।