नीमच। पोरवाल समाज समिति, नीमच द्वारा रविवार 26 अक्टूबर को अग्रोहा भवन में दीपावली मिलन एवं अन्नकूट महोत्सव बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में श्री 1008 रामदयाल जी महाराज साहब का पधारना हुआ, जिनका स्वागत समाजजनों ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और जयकारों के साथ किया। अपने प्रेरणादायी प्रवचन में महाराज श्री ने कहा, “अन्न परमात्मा का स्वरूप है। उसे व्यर्थ फेंकना भगवान का अपमान है। हमें उतना ही प्रसाद लेना चाहिए जितना हम खा सकें, और भोजन के साथ भजन भी आवश्यक है, क्योंकि भक्ति के बिना जीवन अधूरा है।” उन्होंने कहा कि “संत ज्ञान की सर्वाेच्च अवस्था का नाम है। महाराज श्री के मुखारविंद से प्रवचन सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। दीपावली मिलन समारोह में महिलाओं के लिए रंगोली प्रतियोगिता, बच्चों के खेलकूद और युवाओं के लिए कपल गेम्स आयोजित किए गए। पोरवाल महिला मंडल की सदस्यों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार, मुकेश पोरवाल, घनश्याम पोरवाल, बंसीलाल धनोतिया, शांतिलाल पोरवाल, प्रकाश मंडवारिया, प्रेम नारायण गुप्ता, ललिता मंडवारिया, सुमित्रा पोरवाल, सुनीता डबकरा, सरिता पोरवाल सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में समाजजनों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएँ दीं और समाज की एकता, संस्कृति एवं सेवा भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।