रामपुरा। शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामपुरा में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का प्रेरक विस्तार कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य डॉ. एन.के. डबकरा ने की।
मुख्य वक्ता एवं एनएसएस समन्वयक, सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय उज्जैन के डॉ. शेखर मैदमवार ने स्वयंसेवकों को सेवा-धर्म, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रभावी मार्गदर्शन दिया। उनके उद्बोधन से विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार हुआ।
वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. हेमकांत तुगनावत और प्रो. जाकिर हुसैन बोहरा ने भी एनएसएस के मूल मंत्र “सेवा परमो धर्म” को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों को समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन स्वयंसेविका चौरी जागीरदार ने प्रभावी शैली में किया।
अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. भरत कुमार धनगर ने आभार व्यक्त करते हुए अपने दस दिवसीय साहसिक शिविर के अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम में महाविद्यालय स्टाफ और विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति उल्लेखनीय रही।