नीमच। जावद थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में नीमच के युवा व्यवसायी अंकुर गर्ग (36) की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया, वहीं शहर के व्यवसायिक एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अंकुर गर्ग पिता विनोद गर्ग, चौकन्ना बालाजी के पीछे स्थित बंगला नंबर-59 के निवासी थे तथा राकेश ट्रेडर्स से जुड़े होकर मोटर, सबमर्सिबल पंप, पाइप एवं सेनेटरी सामग्री का व्यवसाय संचालित करते थे। वे व्यवसायिक कार्य से क्षेत्र में गए हुए थे।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे मोरवन क्षेत्र में रूपपुरा बावड़ी के पास, रूपपुरा और रूपाहेल के बीच उनकी स्कूटी को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल अंकुर गर्ग को पहले जावद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय नीमच रेफर किया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
अंकुर गर्ग के असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी एक वर्ष की मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं शहर के व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है।