नीमच। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार जिले में ऑपरेशन मुस्कान के अंतर्गत गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश अभियान प्रभावी रूप से जारी है। इसी क्रम में थाना रामपुरा पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है, जहां चार वर्ष से लापता महिला को सुरक्षित दस्तयाब कर उसके परिवार से मिलाया गया। थाना रामपुरा प्रभारी विजय सागरिया और उनकी टीम ने 30 वर्षीय गुमशुदा महिला ममता निवासी गुगलखेड़ा को उज्जैन से सुरक्षित बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया।
संगठित प्रयासों से मिली सफलता-
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को विशेष अभियान के तहत गुमशुदा व्यक्तियों को दस्तयाब करने के आदेश दिए गए थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया तथा एसडीओपी श्रीमती शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में रामपुरा पुलिस ने विशेष टीमों का गठन कर अन्य जिलों और राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित किया। टीमों ने विभिन्न संदिग्ध स्थानों पर लगातार सर्च अभियान चलाया, जबकि तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग का प्रभावी उपयोग किया गया। इन समन्वित और सतत प्रयासों के चलते चार वर्ष से लापता महिला को सुरक्षित ढूँढ निकालना संभव हो पाया।
इस महत्वपूर्ण सफलता में निरीक्षक विजय सागरिया, हरिसिंह सिसोदिया, सउनि नसीम अहमद, आरक्षक विजय बारीवाल (आर.597), आरक्षक रघुवीर सिंह (आर.129) सहित पुलिस थाना रामपुरा टीम का उल्लेखनीय योगदान रहा। वहीं सायबर सेल नीमच के प्र.आर. प्रदीप शिंदे, आरक्षक लखनप्रताप सिंह और आरक्षक कुलदीप ने भी तकनीकी सहयोग प्रदान कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।