नीमच। शहर के तिलक मार्ग स्थित नीमच नरेश के दरबार में आज मोक्षदा एकादशी का पावन पर्व भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। प्राचीन श्याम मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने जयकारों के बीच श्याम बाबा के दर्शन किए, जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।
सुबह की आरती में उपस्थित भक्तगण भक्ति रस में डूब गए। मंदिर परिसर में दिव्य प्रकाश सज्जा और पुष्पों की सुगंध ने वातावरण को और अधिक पवित्र बना दिया। शाम को श्याम मंदिर में महाआरती और भव्य ताली-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसके बाद प्रसाद स्वरूप फलियारी वितरण किया जाएगा।
इस अवसर पर श्याम बाबा का शाही श्रृंगार विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। कोलकाता और दिल्ली से मंगाए गए विशेष फूलों से बाबा का दिव्य एवं भव्य श्रृंगार किया जा रहा है।
मुख्य पुजारी पंडित गोपाल कृष्ण शर्मा ने बताया कि मोक्षदा एकादशी का व्रत अत्यंत पुण्यदायी माना गया है। उन्होंने कहा कि इस व्रत के प्रभाव से पूर्वजों को मोक्ष की प्राप्ति होती है तथा साधक के जीवन में आने वाली बाधाओं का निवारण होता है।