नीमच। अजाक थाना प्रभारी के कथित मनमाने रवैये के विरोध में सोमवार को भीम आर्मी और आज़ाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों ने थाना परिसर में धरना देकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान ‘‘जय भीम’’ और ‘‘तुम्हारी तानाशाही नहीं चलेगी’’ जैसे नारे गूंजते रहे।
संगठन पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि पिछले आठ-नौ महीनों से थाना प्रभारी दलित एवं आदिवासी वर्ग से संबंधित शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। उनका कहना है कि फरियादियों के आवेदन तो ले लिए जाते हैं, लेकिन जांच एवं एफआईआर दर्ज करने में जानबूझकर देरी की जाती है। साथ ही कई फरियादियों के साथ असम्मानजनक व्यवहार किए जाने के भी आरोप लगाए गए।
पदाधिकारियों ने बताया कि हाल ही में बीच बाजार में एक रसूखदार व्यक्ति द्वारा एक गरीब दलित युवक से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज करने से मना कर दिया। संगठन का कहना है कि ऐसे ही 50 से अधिक मामलों में पीड़ित लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
भीम आर्मी के पदाधिकारी गोविंद ने चेतावनी दी कि जब तक उनके द्वारा प्रस्तुत मामलों में से कम से कम एक प्रकरण में एफआईआर दर्ज नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र न्यायोचित कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।