पिपलियामंडी। करणी सेना की न्याय यात्रा मंगलवार को पिपलियामंडी पहुँची, जहाँ करणी सेना परिवार, शिवसेना कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने करणी सेना के प्रमुख जीवनसिंह शेरपुर का जोरदार भव्य रूप से स्वागत किया जिसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों, युवाओं और पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

जीवनसिंह शेरपुर इन दिनों आगामी 21 दिसंबर को हरदा में होने वाले जन क्रांति न्याय आंदोलन को सफल बनाने के लिए प्रदेशभर का दौरा कर रहे हैं। पिपलियामंडी में आयोजित कार्यक्रम में भी आंदोलन को लेकर चर्चा की गई और लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई। उन्होंने बताया कि यह आंदोलन गरीबों, किसानों, मजदूरों और विद्यार्थियों के अधिकारों के लिए समर्पित है और हर वर्ग को न्याय दिलाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

मीडिया से चर्चा के दौरान जीवनसिंह शेरपुर ने कहा- “कोई भी अन्याय और अत्याचार करेगा तो उसके खिलाफ करणी सेना मजबूती से खड़ी होगी। गरीब किसी जाति या वर्ग का नहीं होता, गरीब सिर्फ गरीब होता है। हम सर्व समाज के गरीबों, किसानों, मजदूरों और विद्यार्थियों की लड़ाई लड़ रहे हैं।” और न्याय यात्रा का उद्देश्य लोगों में जागरूकता लाना। यात्रा के स्वागत के दौरान नगर के युवाओं ने नारे लगाकर शेरपुर का उत्साहवर्धन किया। करणी सेना और शिवसेना कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से स्वागत किया।
