देवास। शहर के एमजी रोड सौंदर्याकरण कार्य का भूमि पूजन गुरुवार को विधायक गायत्री राजे पवार के आतिथ्य में किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव,महापौर गीता अग्रवाल, सभापति रवि जैन, महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल,जनप्रतिनिधि और नगर निगम अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
भूमि पूजन के दौरान विधायक गायत्री राजे पवार ने कहा कि यह कार्य देवास वासियों के लिए एक बड़ी सौगात है। उन्होंने बताया कि लगभग 6.30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना में सड़क का सौंदर्याकरण आधुनिक स्तर पर किया जाएगा, जिसमें अंडरग्राउंड ड्रेनेज लाइन, इलेक्ट्रिक लाइन और अर्बन डिज़ाइन शामिल हैं। विधायक ने कहा, हमारा “उद्देश्य एमजी रोड को साफ-सुथरा, व्यवस्थित और आदर्श स्वरूप देना है।
उन्होंने नगर निगम और व्यापारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि काम पूरा होने के बाद एमजी रोड अपनी नई चमक के साथ शहर की पहचान बनेगा।
आपको बता दें की नगर निगम द्वारा हाल ही में अतिक्रमण हटाने के बाद सड़क 15 मीटर चौड़ी होने जा रही है, जिससे यातायात सुगम होगा और पूरा क्षेत्र नई पहचान के साथ विकसित होगा।