नीमच। जिले की रामपुरा तहसील के देवरान गांव में पिछले कई दिनों से रुका हुआ बायपास निर्माण कार्य अब पूर्ण हो गया है। प्रशासनिक टीम और ग्रामीणों के बीच सहमति बनने के बाद यह कार्य दो माह बाद फिर से शुरू हुआ और सफलतापूर्वक पूरा भी हो गया।
एसडीएम मनासा किरण आंजना ने बताया कि रामपुरा तहसीलदार मृगेंद्र सिसोदिया, राजस्व निरीक्षक अनुराग पाटीदार, पटवारी राहुल पंचारिया, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ नीरज अमलावर तथा पुलिस टीम के सदस्य हरिसिंह सिसोदिया ने समन्वयपूर्वक कार्य करते हुए विवाद और बाधाओं का समाधान किया।
देवरान बायपास मुख्य मार्ग से जुड़ता है और ग्रामीणों की निजी भूमि से गुजरता है। राजस्व विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों को समझाइश देने के बाद अधूरा पड़ा कार्य दोबारा शुरू किया गया और निर्धारित समय में पूरा कर लिया गया।
गांव के बीचो-बीच स्थित मंदिर से चचोरदृदेवरान मुख्य मार्ग को जोड़ने वाला यह बायपास लगभग 700 मीटर लंबा और 5.50 मीटर चौड़ा है। सड़क निर्माण में बाधा बन रही किनारे की दीवारों और अतिक्रमण को प्रशासन ने हटवा दिया। सीसी रोड निर्माण कार्य में रुकावट पैदा करने वाले लोगों को भी टीम ने समझाइश देकर सहमति बनाई।
यह बायपास लोक निर्माण विभाग द्वारा 0.80 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इसके पूर्ण होते ही क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने लगी है।