नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय नीमच की गृह विज्ञान विभाग की छात्राओं ने तारापुर स्थित ब्लॉक प्रिंटिंग एवं दाबू प्रिंटिंग यूनिट का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं ने अपने पाठ्यक्रम के अनुसार स्वयं दाबू प्रिंटिंग के सैंपल तैयार किए और प्रिंटिंग प्रक्रिया की बारीकियों को समझा।
गीता हैंड प्रिंटर्स के बनवारीलाल और पवन झेरिया ने छात्राओं को पारंपरिक दाबू प्रिंटिंग की संपूर्ण विधि से अवगत कराया तथा यूनिट का विस्तृत भ्रमण करवाया। वहीं, विनय हैंड प्रिंटर्स के विनय कुमार ने भी ब्लॉक प्रिंटिंग और प्रिंटिंग उद्योग से जुड़ी समस्त जानकारी प्रदान की।
तारापुर की यह पारंपरिक कला देश ही नहीं, विदेशों में भी अत्यधिक लोकप्रिय है। भ्रमण के दौरान छात्राओं ने प्रिंटिंग के नमूने तैयार किए और व्यावहारिक ज्ञान अर्जित किया। दल का नेतृत्व गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. रश्मि हरित एवं डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने किया।