चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर द्वारा उपलब्ध कराई गई सचल विधिक सेवा केन्द्र एवं मोबाइल लोक अदालत वाहन को गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश मान सिंह चूंडावत ने न्यायालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वैन का उद्देश्य बाल विवाह की रोकथाम, आमजन को विधिक जानकारी उपलब्ध कराना और विधिक जागरूकता अभियान को गति देना है।
इस अवसर पर प्राधिकरण सचिव सुनील कुमार गोयल और अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश अटल सिंह चापावत भी उपस्थित रहे।
प्राधिकरण सचिव गोयल ने बताया कि मोबाइल वैन के माध्यम से विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, निःशुल्क कानूनी सहायता, राष्ट्रीय लोक अदालत, विधिक अधिकारों और अन्य महत्वपूर्ण कानूनी जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। वैन द्वारा जन-जागरूकता हेतु पेम्फलेट भी वितरित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि वैन ‘न्याय आपके द्वार-लोक उपयोगिता समस्याओं का सुलभ और त्वरित समाधान’ राज्यव्यापी अभियान की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाएगी।
आगामी दिनों में यह मोबाइल वैन रावतभाटा, बेगूं, गंगरार, डूंगला, नींबाहेड़ा, मण्डफिया, भदेसर और बड़ीसादड़ी सहित विभिन्न ताल्लुका क्षेत्रों के गांवों में जाकर बाल विवाह रोकथाम और विधिक जानकारी का प्रचार करेगी।