देवास। करणी सेना की प्रदेश-स्तरीय जन क्रांति न्याय आंदोलन आमंत्रण यात्रा गुरुवार को देवास पहुंची, जहां करणी सेना के प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर ने सभा को संबोधित करते हुए 21 दिसंबर को हरदा में होने वाले विशाल आंदोलन के लिए जनसमर्थन की अपील की।
21 सूत्रीय मांगों के समर्थन में आयोजित यह आमंत्रण यात्रा लाल गेट से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए जवाहर चौक पर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और शहरवासी शामिल हुए।
सभा को संबोधित करते हुए जीवन सिंह शेरपुर ने कहा कि हरदा लाठीचार्ज के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई आंदोलन का प्रमुख मुद्दा है। उन्होंने बताया कि करणी सेना सदैव छत्तीस कोम के अधिकारों, युवाओं, किसानों और समाज के सम्मान के लिए संघर्ष करती आई है।
उन्होंने देवास की जनता से विशेष आग्रह करते हुए कहाकृ
“21 दिसंबर को हरदा में होने वाले इस बड़े आंदोलन में शामिल होकर हमारी ताकत को मजबूत करें। हमारी 21 सूत्रीय मांगें समाज के हर वर्ग की आवाज हैं।”
जीवन सिंह शेरपुर ने शहर के विकास के नाम पर की जा रही तोड़फोड़ पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार विकास की आड़ में आमजन की वर्षों की कमाई को उजाड़ रही है।
“यह विकास नहीं, विनाश है। एक व्यक्ति जीवनभर की कमाई से दुकान-घर बनाता है और उसे तोड़ा जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।”
उन्होंने कहा कि यदि सरकार जनता की बात नहीं सुनेगी और 21 सूत्रीय मांगों पर निर्णय नहीं लेगी, तो करणी सेना आगे की रणनीति सभी साथियों की सहमति से तय करेगी।
देवास में निकली यह आमंत्रण यात्रा उत्साह और आक्रोश दोनों का संदेश देती हुई नगरवासियों को 21 दिसंबर के विशाल हरदा आंदोलन के लिए तैयार कर गई।