मंदसौर। जिले के पिपलियामंडी में पारिवारिक विवाद ने फिर एक बार हिंसक रूप ले लिया। गुरुवार देर शाम एक युवक पर उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने दुकान में घुसकर मारपीट कर दी। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बासखेड़ी निवासी राहुल सेन (29) पिपलियामंडी में सावरिया मेन्स पार्लर और मेजिक मोबाइल के पास अपनी दुकान संचालित करता है। राहुल की शादी दो वर्ष पूर्व पानपोड़ी निवासी कविता सेन से हुई थी, लेकिन शादी के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था।

दुकान में घुसकर किया हमला
गुरुवार रात करीब 8:30 बजे राहुल पार्लर में बैठा था, तभी उसके ससुराल पक्ष के हरिश, अर्पित और प्रदीप सेन दुकान पर पहुंचे। शिकायत में बताया गया कि आते ही उन्होंने शादी को लेकर राहुल के साथ अभद्रता की और अश्लील भाषा में गालियां दीं। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया।

थोड़ी देर बाद ईश्वरलाल, छगनलाल और दिलखुश सेन भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर राहुल पर हाथ-मुक्कों से हमला किया। इस दौरान राधाबाई और रामकन्या बाई ने भी गाली-गलौज करते हुए राहुल को थप्पड़ मारे।

CCTV में पूरी वारदात रिकॉर्ड-
दुकान में मौजूद भोला माली और प्रकाश सेन ने बीच-बचाव कर किसी तरह राहुल को बचाया। मारपीट की पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट रूप से दिख रही है।

पुलिस ने किया केस दर्ज-
राहुल की शिकायत पर पुलिस ने मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
