कटनी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कटनी में चार विषयोंहिंदी, राजनीति शास्त्र, भौतिक शास्त्र एवं वाणिज्य में शोध केंद्र की स्थापना की गई है। यह शोध केंद्र रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर द्वारा स्वीकृत किया गया है।
शोध केंद्र की स्थापना से कटनी जिले के विद्यार्थियों को पीएचडी उपाधि प्राप्त करने के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे, जिससे उच्च शिक्षा को नई दिशा मिलेगी।
शोध प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. माधुरी गर्ग ने बताया कि शोध केंद्र की स्थापना समाज एवं शैक्षिक व्यवस्था के बौद्धिक विकास की मजबूत आधारशिला है। शोध के माध्यम से नए तथ्यों, सिद्धांतों एवं अवधारणाओं का विकास होगा, जिससे विद्यार्थियों की चिंतन, विश्लेषण क्षमता एवं नवाचार की प्रवृत्ति में निरंतर वृद्धि होगी। साथ ही विद्यार्थियों में आत्मनिर्भरता एवं प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होगी।
उन्होंने बताया कि यह शोध केंद्र कटनी जिले के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण उपलब्धि है। शोध केंद्र की स्थापना से जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों के शैक्षणिक संवर्ग में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण बना हुआ है।