नरसिहंपुर। कलेक्टर रजनी सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने संयुक्त रूप से नेशनल हाईवे क्रमांक 44 और 45 के चिन्हित ब्लैक स्पॉटों का निरीक्षण शनिवार को किया। इस दौरान एनएचएआई के प्रोजेक्टर डायरेक्टर अनिल कुमार और यातायात थाना प्रभारी ममता तिवारी सहित अन्य अधिकारी- कर्मचारी मौजूद थे।
कलेक्टर और एसपी ने जिले के सीमावर्ती ग्राम खापा मोड़, डुडवारा, लवेरी, मुंगवानी, बचई, मगरधा चौराहा, कृष्णा ढाबा करेली, कोदसा- इमलिया- करेली, हाईवे लगे बरमानखुर्द मार्ग, सुआतला स्थित चरगुवां तिराहा सहित अन्य ब्लैक स्पॉटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मगरधा ब्लैक स्पॉट पर सर्विस रोड का निर्माण करने, बचई सुगर मिल के पास गन्ना ट्रेक्टर- ट्रॉली के लिए अलग से सर्विस रोड (LAY WAY), रोड मार्किंग और रबर स्ट्रिप लगाने के निर्देश दिए। कार्मेल स्कूल के पास सर्विस लेन और वैहर तिराहा के पास स्टोरेज लेन के निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से नर्मदा नदी सतधारा पुल के पास बस स्थानक (BUS LAY BAY) का निर्माण करने के निर्देश दिए, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं/ बस यात्रियों को हाइवे पर सुरक्षित बस में चढ़ने व उतरने में सुविधा मिल सके और यातायात बाधित न हो। मकर संक्रांति पर्व पर लगने वाले बरमान मेले को दृष्टिगत रखते हुए यातायात प्रबंधन के लिए सर्विस रोड (LAY WAY) और बस स्टॉप प्वाइंट का निर्माण प्राथमिकता से कराने के निर्देश। इसके अलावा हाइवे पर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए साइन बोर्ड और रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर सिंह ने एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर को निर्देशित किया कि सभी सुधार कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें और चिन्हित ब्लैक स्पॉटों पर यातायात सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।