मंदसौर। उज्जैन संभाग के आयुक्त आशीष सिंह ने जिले के ग्राम देहरी में किसान नंदकिशोर पाटीदार द्वारा अपनाई जा रही प्राकृतिक खेती का निरीक्षण एवं अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने खेत में पहुंचकर प्राकृतिक खेती की पद्धतियों का अवलोकन किया और किसान से विस्तार से जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर कलेक्टर अदिती गर्ग, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अनुकूल जैन, कृषि विभाग के उप संचालक रविंद्र मोदी सहित अन्य जिला अधिकारी और किसान उपस्थित थे।
संभाग आयुक्त सिंह ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने हेतु बड़े-बड़े क्लस्टर तैयार किए जाएं, ताकि किसान सामूहिक रूप से प्राकृतिक खेती अपना सकें। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से न केवल मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है, बल्कि किसानों की लागत भी कम होती है और उत्पादन में भी वृद्धि होती है। अधिक से अधिक किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए प्रेरित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान किसान नंदकिशोर पाटीदार ने बताया कि वे पिछले तीन वर्षों से प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। उन्होंने जीवामृत, जैविक खाद, वर्मी कम्पोस्ट, वेस्ट डी-कंपोजर, ताम्र छाछ, दशपर्णी अर्क एवं घन जीवामृत जैसे प्राकृतिक इनपुट्स का उपयोग करने की जानकारी दी। किसान ने बताया कि प्राकृतिक खेती अपनाने से रासायनिक खाद और कीटनाशकों पर निर्भरता कम हुई है, जिससे खेती की लागत में कमी आई है और फसल उत्पादन में सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए हैं।
संभाग आयुक्त ने प्राकृतिक खेती में उपयोग किए जा रहे कृषि उपकरणों का भी अवलोकन किया तथा उनके उपयोग के संबंध में जानकारी ली। इसके साथ ही किसान द्वारा जैविक खेती के लिए हाल ही में खरीदे गए नवीन ट्रैक्टर को भी देखा गया।