शाजापुर। जिले के तिंगजपुर गांव में कुएं से युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान देवनारायण पिता भेरूलाल, निवासी तिंगजपुर के रूप में हुई है। युवक पिछले तीन दिनों से लापता था, जिसकी गुमशुदगी सलसलाई थाने में दर्ज कराई गई थी।
शव मिलने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और आक्रोश जताते हुए स्टेट हाईवे-41 पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के बावजूद समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, जिससे उनका आक्रोश और बढ़ गया।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी। करीब एक घंटे तक चले संवाद के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया। इसके पश्चात पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृत्यु के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होने की बात कही जा रही है।