पिछोर। थाना क्षेत्र के कुटावली गांव में 10 दिनों से लापता एक युवक का शव गांव के एक कुएं से मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने के बाद परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या की आशंका जताई और थाने के सामने चक्का जाम कर दिया।
परिजनों के विरोध के चलते करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा। इस दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे आम नागरिकों के साथ-साथ एंबुलेंस को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब स्थिति नहीं संभली तो एसडीओपी प्रशांत शर्मा के निर्देश पर मायापुर थाना प्रभारी नीतू सिंह मौके पर पहुंचीं। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लगभग दो घंटे बाद चक्का जाम समाप्त हुआ।
मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया कि उसके पति की हत्या जमीन विवाद के चलते की गई है और उसने पुलिस से न्याय की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी नीतू सिंह ने बताया कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।