शाजापुर। जिले के जिला चिकित्सालय स्थित ट्रामा सेंटर में सोमवार को एक युवक और महिला के बीच विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब नलखेड़ा निवासी शिलाबाई जिला अस्पताल में इलाज के लिए आई थीं और दवा काउंटर पर लाइन में खड़ी होकर दवा ले रही थीं।
इसी दौरान रोहित नामक युवक से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले महिला ने युवक पर चप्पल से हमला किया, जिसके बाद युवक ने महिला के सिर पर वार कर दिया। इस घटना में महिला के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके चलते अस्पताल में उसके टांके लगाए गए।
मारपीट की पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब पुलिस के पास है।
मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।