नीमच। नगर पालिका परिषद में सभापति एवं वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद दारा सिंह यादव ने नगर की जलप्रदाय व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके वार्ड अंतर्गत स्कीम नंबर 10 स्थित पानी की टंकी की 21 जनवरी तक सफाई नहीं हुई, जबकि टंकी पर सफाई की तिथि 17 जनवरी अंकित कर दी गई है।

सभापति दारा सिंह यादव ने कहा कि जब पानी की टंकी की वास्तविक सफाई ही नहीं हुई, तो उस पर सफाई की तिथि अंकित किया जाना गंभीर लापरवाही और घालमेल की ओर इशारा करता है। उन्होंने बताया कि वे लंबे समय से क्षेत्र में अशुद्ध एवं कचरा युक्त पानी की शिकायत करते आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जिले में जीबीएस बीमारी के मामलों और इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में हाल ही में हुई घटना के बाद आमजन में पहले से ही भय का माहौल है। ऐसे समय में जल आपूर्ति व्यवस्था में इस तरह की लापरवाही जनता के स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। दारा सिंह यादव ने कहा कि उच्च अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद इस प्रकार का कृत्य छलावा प्रतीत होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें टंकी की सफाई किए जाने की कोई जानकारी नहीं दी गई।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी टंकियों की नियमित सफाई का दावा कर रहे हैं, जबकि स्कीम नंबर 10 की टंकी पर बिना सफाई के तिथि अंकित होना व्यवस्था की सच्चाई उजागर करता है। टंकी स्थल पर मौजूद कर्मचारियों ने भी स्वीकार किया कि 17 जनवरी को सफाई नहीं हुई थी, और आज सफाई कार्य किया जा रहा है।

सभापति दारा सिंह यादव ने पूरे मामले में जिम्मेदार एवं दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। जल टंकी सफाई से जुड़े इस प्रकरण ने नगर पालिका की व्यवस्थाओं की प्रामाणिकता और विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। ऐसे में जनता यह सोचने को मजबूर है कि आखिर वह किस पर भरोसा करे।
