नीमच। महू रोड पर सड़क निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार की कथित लापरवाही के चलते द प्लाजा से प्रगति नगर, कीर्ति नगर और आदित्य नगर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सड़क चौड़ीकरण एवं सफाई के दौरान पेड़ काटते समय विशाल पेड़ विद्युत वितरण कंपनी की मुख्य लाइन पर जा गिरा, जिससे करीब 4 से 5 बिजली पोल टूटकर धराशायी हो गए और लाइन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। भीषण गर्मी और अंधेरे के कारण रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, रात में नए पोल और तार उपलब्ध कराना मुश्किल होने के कारण तत्काल बिजली बहाल नहीं हो सकी।
विद्युत विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और ठेकेदार की लापरवाही को लेकर पंचनामा तैयार किया। विभाग द्वारा नुकसान का आकलन कर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ आर्थिक दंड और वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
स्थानीय रहवासियों ने सड़क निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर नाराजगी जताई है। नागरिकों ने प्रशासन और जिला प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई करने तथा भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।