शाजापुर। जिले के मक्सी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिहोदा और दुहानी गांव के बीच बहने वाली लखुंदर नदी में बुधवार सुबह एक बुजुर्ग का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दुहानी निवासी गणपत पिता बोना के रूप में हुई है। शव की शिनाख्त उनके बेटे लालजीराम ने की।
परिजनों के अनुसार गणपत मंगलवार को ग्राम पंचायत सिहोदा में पेंशन चालू करवाने और घास काटने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, परंतु कोई सुराग नहीं मिला।
बुधवार सुबह ग्रामीणों ने लखुंदर नदी में शव तैरता हुआ देखा और तत्काल मक्सी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजय वर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नदी से बाहर निकलवाया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।