नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में परम्परागत रूप से आयोजित होने वाले चार दिवसीय वसन्तोत्सव- 2026 की तैयारियां प्रारम्भ हो गई हैं। महाविद्यालय परिसर में विभिन्न सांस्कृतिक, खेल एवं शैक्षणिक गतिविधियों के आयोजन की रूपरेखा तय कर ली गई है।
वसन्तोत्सव के प्रथम दिवस 22 जनवरी 2026 को क्रीड़ा गतिविधियों के साथ माण्डना एवं मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 23 जनवरी 2026 को वसन्त पंचमी के अवसर पर प्रातः 11 बजे महाविद्यालय परिसर में स्थापित माँ सरस्वती की प्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना विधायक के कर-कमलों से की जाएगी। इसके पश्चात प्रसाद वितरण एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
24 जनवरी 2026 को प्रातः 11 बजे से महाविद्यालय परिसर में वसन्त मेला आयोजित किया जाएगा। मेले में छात्राएं विभिन्न व्यंजनों और हस्तशिल्प सामग्रियों की स्टॉल लगाकर बिक्री करेंगी। साथ ही मनोरंजक खेल, विजुअल क्विज और मनपसंद गीतों पर नृत्य कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
वसन्तोत्सव के चतुर्थ दिवस 27 जनवरी 2026 को प्रातः 10ः30 बजे पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें वर्षभर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं की विजेता छात्राओं, अकादमिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली तथा राज्य स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी एवं वसन्तोत्सव प्रभारी डॉ. बीना चौधरी ने छात्राओं से अधिकाधिक सहभागिता करने का आह्वान करते हुए कहा कि वसन्तोत्सव में भाग लेकर छात्राएं अपनी कलाओं का प्रदर्शन करें और आगामी परीक्षाओं से पूर्व नई ऊर्जा के साथ स्वयं को उत्साहित करें।