रतलाम। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत कालूखेड़ा में जनकल्याणकारी एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन परिषद द्वारा चयनित नवांकुर संस्था टॉप शिक्षण संस्थान, सोहनगढ़ के माध्यम से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इसका उद्देश्य ग्राम स्तर पर शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और जनसहभागिता को सशक्त बनाते हुए “ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश” के संकल्प को साकार करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पवन धाकड़ (मेडिकल ऑफिसर, कालूखेड़ा) रहे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओंकृ आयुष्मान भारत योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, 108 एंबुलेंस सेवा सहित अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
जन अभियान परिषद के ब्लॉक समन्वयक शिवशंकर शर्मा ने परिषद की कार्यप्रणाली और गतिविधियों पर प्रकाश डाला। टॉप शिक्षण संस्थान सोहनगढ़ के अध्यक्ष कन्हैयालाल पाटीदार ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने की अपील की। परामर्शदाता अनिल पाटीदार ने जन अभियान परिषद और ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति द्वारा किए जा रहे सामाजिक, शैक्षणिक और जनजागरूकता कार्यों की जानकारी दी तथा उपस्थितजनों को स्वदेशी अपनाने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान नवांकुर संस्था द्वारा विद्यालय के प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान किया गया, जिससे छात्रों में उत्साह और प्रेरणा का संचार हुआ।
इस अवसर पर उप सरपंच सुनील रावल, ग्राम पंचायत सचिव गोपालदास बैरागी, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति से ज्योति, ओमप्रकाश, पवन सोनी, दिनेश पाटीदार, विशाल पाटीदार, एमएसडब्ल्यू छात्र, ग्रामीणजन, महिलाएं एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष राहुल कंडारे ने किया, जबकि अंत में राकेश पाटीदार ने सभी अतिथियों और उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।