नीमच। जिला मुस्लिम इंतेजामिया कमेटी नीमच ने मतदाता सूची से नाम कटवाने के लिए झूठे एवं मनगढ़ंत फार्म-07 प्रस्तुत करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर कलेक्टर नीमच को ज्ञापन सौंपा।
कमेटी ने बताया कि निर्वाचन विभाग द्वारा संचालित एस.आई.आर. प्रक्रिया के दौरान कुछ असामाजिक तत्व फर्जी आपत्तियां दर्ज कर सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर रहे हैं, जिससे नियमित मतदाताओं को मानसिक रूप से प्रताड़ित होना पड़ रहा है। बिना समुचित जांच के मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया को गंभीर चिंता का विषय बताया गया।
ज्ञापन में मांग की गई कि किसी भी आपत्ति की स्थिति में संबंधित मतदाता को लिखित सूचना देकर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाए। केवल अधिकृत एवं विधिवत मुहरयुक्त फार्म-07 ही स्वीकार किए जाएं तथा फर्जी फार्म प्रस्तुत करने वालों के विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 31 के अंतर्गत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।