झाबुआ। मुख्य सचिव, मध्यप्रदेश शासन अनुराग जैन की अध्यक्षता में कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के पालन प्रतिवेदन की विस्तृत समीक्षा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंस में राज्य शासन द्वारा निर्धारित प्राथमिकताओं एवं पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जिलेवार समीक्षा की गई।
समीक्षा बैठक में जिले की कानून एवं व्यवस्था की स्थिति, सुशासन से संबंधित गतिविधियाँ, राजस्व विभाग के कार्य, कृषि एवं उससे संबद्ध विभागों की योजनाओं की प्रगति, स्वास्थ्य एवं पोषण कार्यक्रमों के क्रियान्वयन तथा नगरीय विकास से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्य सचिव द्वारा विभिन्न विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों में गति लाने एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप समन्वय के साथ कार्य करते हुए आमजन को अधिकतम लाभ पहुंचाने हेतु निर्देशित किया।
वीडियो कॉन्फ्रेंस में कलेक्टर नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्रसिंह चौहान, अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी, सहायक कलेक्टर आशीष कुमार सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।