नीमच। जिले के चीताखेड़ा क्षेत्र में दिनदहाड़े रिवाल्वर के दम पर लूट की सूचना से हड़कंप मच गया, लेकिन कुछ ही घंटों में पुलिस ने मामले का पर्दाफाश कर दिया। जांच में सामने आया कि कथित लूट की कहानी पूरी तरह मनगढ़ंत थी और शिकायतकर्ता महिला स्वयं ही इसकी सूत्रधार निकली।
बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे एक महिला ने पुलिस सहायता केंद्र चीताखेड़ा पर शिकायत दर्ज कराई कि इलाज के बहाने मोटरसाइकिल से आए दो युवक और एक अधेड़ महिला ने उसके घर में घुसकर रिवाल्वर तानते हुए सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी लूट ली।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह सिसौदिया मौके पर पहुंचे और मामले की गहनता से जांच शुरू की। पूछताछ और तथ्यों के विश्लेषण में खुलासा हुआ कि न तो कोई बीमार व्यक्ति इलाज के लिए आया था और न ही किसी प्रकार की लूट हुई थी। जांच में यह भी सामने आया कि महिला ने स्वयं ही गांव में दो अलग-अलग बार जौहरी के यहां जाकर अपने सोने-चांदी के आभूषण बेच दिए थे और बाद में झूठी लूट की कहानी गढ़ दी।
पुलिस ने कुछ ही घंटों में पूरे मामले का खुलासा कर दिया। फिलहाल महिला से पूछताछ जारी है और झूठी सूचना देने के मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।