मंदसौर। शहर में सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहा (बीपीएल चौराहा) से मंडी गेट तक के मार्ग को आदर्श रोड के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार सुबह अधिकारियों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर मार्ग का निरीक्षण किया और प्रस्तावित व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
उल्लेखनीय है कि दिसंबर 2025 में इस मार्ग से अतिक्रमण हटाया जा चुका है। अब प्रशासन सड़क को सुव्यवस्थित और मॉडल रोड के रूप में विकसित करने की तैयारी में है। निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे संभावित टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर पार्किंग स्थलों को चिन्हित किया गया।
कार्यपालन यंत्री नितेश सुलिया ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहे से प्रतापगढ़ पुलिया तक मार्ग को आदर्श रोड बनाया जाएगा और पार्किंग व्यवस्था का आकलन किया जा रहा है। वहीं एडिशनल एसपी टी.एस. बघेल ने कहा कि मॉडल रोड का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा और निर्माण में आने वाली बाधाओं को दूर किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान एडिशनल एसपी टी.एस. बघेल, कार्यपालन यंत्री नितेश सुलिया, सूबेदार सत्येंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का दावा है कि तय समय सीमा में कार्य पूर्ण कर शहरवासियों को बेहतर यातायात और पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।