नीमच। नगर परिषद मनासा के कर्मचारियों ने 10 एवं 20 वर्ष की सेवा पूर्ण करने पर मिलने वाले विशेष भत्ते की राशि जनवरी माह के वेतन से बिना सूचना काटे जाने पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। कर्मचारियों ने नीमच कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आवेदन सौंपकर 1500 से 2500 रुपये तक की काटी गई राशि पुनः प्रदान करने की मांग की है।
आवेदन में कर्मचारियों ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार वर्षों से यह विशेष भत्ता नियमित रूप से दिया जा रहा था, लेकिन जनवरी माह में बिना किसी लिखित आदेश या पूर्व सूचना के उक्त राशि वेतन से काट ली गई, जिससे कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि काटी गई राशि का शीघ्र पुनर्भुगतान नहीं किया गया तो वे कार्य बंद करने को विवश होंगे। इससे नगर परिषद की कार्य व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना जताई गई है।