चित्तौड़गढ़। भारत स्काउट गाइड के जिला प्रधान व मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. आई. एम. सेठिया ने कहा कि असफलताओं को सफलता में बदलने के लिए दृढ़ निश्चय और आत्मविश्वास बेहद जरूरी है। व्यक्ति को जीवन में कभी निराश नहीं होना चाहिए और स्वयं के जीवन को तराश कर अपनी प्रतिभा को निखारना चाहिए।
ये विचार उन्होंने राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड जिला मुख्यालय चित्तौड़गढ़ के तत्वाधान में बीएसटीसी छात्रा-अध्यापिका गाइड ग्रुप के सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में मुख्य उद्बोधन देते हुए साझा किए।
डा. सेठिया ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के युग में प्रत्येक व्यक्ति को संघर्ष कर अपने व्यक्तित्व का निर्माण करना पड़ेगा। इसके लिए निराशावादी जीवन शैली को सकारात्मक आशावादी जीवन शैली में बदलना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने मन की कमजोरियों को दूर करने और यश प्राप्ति के लिए दृढ़ संकल्प लेने की प्रेरणा दी। उन्होंने कई महापुरुषों के जीवन के उदाहरण देकर नेतृत्व और प्रबंधन का महत्व भी समझाया।
कार्यक्रम की शुरुआत सी.ओ. स्काउट चंद्रशेखर श्रीवास्तव के स्वागत भाषण से हुई। शिविर संचालक चतर सिंह राजपूत ने शिविर की दिनचर्या बताई। स्काउटर सत्यनारायण सोमानी, अखिलेश श्रीवास्तव, कैलाश चंद्र अहीर, रोवर पवन माली और नेहा धाकड़ ने अतिथियों का स्वागत किया। अंत में कैलाश अहीर ने धन्यवाद ज्ञापित किया।