शाजापुर। शहर के किला रोड क्षेत्र में होली पर्व से ठीक पहले सीवरेज लाइन के निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय रहवासियों में भारी नाराज़गी देखने को मिल रही है। आक्रोशित लोगों ने नगर पालिका और ठेकेदार के खिलाफ विरोध जताते हुए सड़क पर उतरकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
रहवासियों का कहना है कि साल में एक बार आने वाले होली पर्व से ठीक पहले सड़क पर गड्ढा खोदकर उसे अव्यवस्थित तरीके से भर दिया गया है। गड्ढे में बड़े-बड़े पत्थर और कंकड़ डाल दिए गए हैं, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है और त्योहार की तैयारियों में भी परेशानी खड़ी हो गई है।
क्षेत्र की रहवासी संतोष शर्मा ने बताया कि जिस स्थान पर हर वर्ष होली का डंडा स्थापित किया जाता है, उसी जगह पर सीवरेज लाइन के गड्ढे में पत्थर डाल दिए गए हैं। इससे महिलाओं को होली पूजन में दिक्कत होगी और बच्चों को होली खेलने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उनका कहना है कि यदि कार्य करना ही था तो या तो होली से चार दिन पहले पूरा कर लिया जाता या त्योहार के बाद किया जाता।
मामले में नगर पालिका ने रहवासियों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही स्थल को व्यवस्थित कर समस्या का समाधान किया जाएगा।