नीमच। उज्जैन में आयोजित 77वीं जूनियर राज्य स्तरीय बास्केटबॉल अंडर-19 प्रतियोगिता में नीमच जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। टीम के 12 सदस्यों में से 11 खिलाड़ी ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल के होने से विद्यालय और जिले का गौरव और बढ़ गया है।
प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया। नीमच की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए किसी भी प्रतिद्वंद्वी टीम को अपने सामने टिकने नहीं दिया।
क्वार्टर फाइनल में नीमच ने आरसीसी भोपाल को 56-26 के बड़े अंतर से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद सेमीफाइनल में मजबूत मानी जा रही एनबीए टीम को 67-43 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबले में नीमच का सामना इंदौर कॉर्पोरेशन की टीम से हुआ। नीमच के खिलाड़ियों ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए इंदौर को 71-40 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया और प्रदेश चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल के खिलाड़ी पिछले कई वर्षों से विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। विद्यालय की टीम विगत दो वर्षों से लगातार सीबीएसई क्लस्टर बास्केटबॉल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर भी नीमच का नाम रोशन कर चुकी है।
टीम की इस ऐतिहासिक सफलता पर विद्यालय की निर्देशिका डॉ. गरिमा चौरसिया, कोच किशन पाल सिंह, सतेंद्र पाल सिंह, टीम मैनेजर रीना कल्याणी, खेल विभाग एवं समस्त विद्यालय स्टाफ ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।