नीमच। जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और दुर्घटना पीड़ितों को समय पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा ‘जीवन संजीवनी अभियान’ शुरू किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में दुर्घटना संभावित 20 प्रमुख हॉटस्पॉट चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं। अभियान के तहत इन दुर्घटना स्थलों के आसपास रहने वाले 50-50 लोगों को सीपीआर एवं प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि सड़क हादसों की स्थिति में घायलों को तत्काल सहायता मिल सके।
इसी क्रम में जिले के 20 अत्यधिक दुर्घटना संभावित स्थलों का चयन किया गया है। अभियान का शुभारंभ 9 जून 2026 को शाम 5:30 बजे ग्राम चल्दू से पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास द्वारा किया जाएगा। पुलिस विभाग ने इस जनहित अभियान में सहभागिता के लिए पत्रकारों एवं आमजन को आमंत्रित किया है।