नीमच। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के तहत समग्र स्वास्थ्य, कल्याण और सद्भाव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 14 जून 2026 को एक विशेष ऑनलाइन योग सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें अधिकतम सहभागिता के साथ गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा।
आयुष मंत्रालय द्वारा आयोजित यह ऑनलाइन योग सत्र 14 जून को प्रातः 6:15 बजे से 7:35 बजे तक आयोजित होगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण मंत्रालय के यूट्यूब प्लेटफॉर्म के माध्यम से किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक पहल में भाग लेने के लिए इच्छुक प्रतिभागियों को टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद प्रतिभागियों को व्हाट्सएप के माध्यम से ऑनलाइन सत्र का लिंक भेजा जाएगा।
आयोजन से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए प्रत्येक प्रतिभागी का अपने व्यक्तिगत मोबाइल, लैपटॉप या टैबलेट से अलग-अलग लॉग-इन करना आवश्यक होगा। एक ही डिवाइस पर समूह में योग करने की स्थिति में केवल एक प्रतिभागी की ही गणना की जाएगी।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जनप्रतिनिधियों, शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों, विभिन्न संस्थाओं, संगठनों, योग प्रशिक्षकों एवं आम नागरिकों से इस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आज एक वैश्विक जनआंदोलन का रूप ले चुका है और इस ऐतिहासिक प्रयास को सफल बनाने में सभी की सहभागिता महत्वपूर्ण है।