राजगढ़। कुरावर में वार्ड नंबर 5 के रहवासियों ने सड़क निर्माण में लगातार हो रही देरी को लेकर नगर परिषद कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने नगर परिषद और मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।
वार्ड-5 के लोगों का कहना है कि पिछले लगभग तीन महीनों से क्षेत्र की स्थिति बेहद खराब है। गणेश मंदिर से लेकर घरों के सामने की सीढ़ियों और नालियों को सड़क निर्माण के लिए तोड़ दिया गया था, लेकिन अब तक काम अधूरा पड़ा है। नालियों का गंदा पानी घरों में घुस रहा है, जिससे स्थानीय लोग परेशान हैं।
इस मार्ग पर एक निजी स्कूल भी संचालित होता है, जहां लगभग 2,000 से 2,500 बच्चे अध्ययनरत हैं। रहवासियों का कहना है कि बारिश का मौसम सिर पर है, लेकिन टेंडर होने के बावजूद सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया।
वार्ड-5 के पार्षद प्रतिनिधि मोहन वर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा कि “तीन महीने से काम बंद है, बच्चे नालियों में गिर रहे हैं। अगर चार दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो कलेक्टर से शिकायत कर भूख हड़ताल की जाएगी।”
स्थानीय निवासियों ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि घरों में गंदा पानी घुस रहा है और बच्चों को स्कूल जाने में भारी परेशानी हो रही है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि चार दिन के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो बस स्टैंड मुख्य मार्ग को जाम किया जाएगा।
वहीं नगर परिषद के सीएमओ लीलाधर सेन ने कहा कि इंजीनियर की तकनीकी गलती के कारण काम रुका हुआ था, जिसे जल्द ही शुरू कराया जाएगा। नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि बाला प्रसाद चंद्रवंशी ने भी जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।