शिवपुरी। शहर के टीवी टावर रोड स्थित शासकीय पोस्ट मैट्रिक छात्रावास की छात्राओं ने आज कलेक्ट्रेट में आकर हॉस्टल की शिकायत करते हुए बताया कि हॉस्टल के खाने में कीड़े और पीने को गंदा पानी मिलता है और वहीं हॉस्टल में 50 छात्राओं के लिए केवल एक शौचालय तथा नहाने की उचित व्यवस्था न होने के कारण उन्हें खुले में नहाना पड़ता है।
छात्रा आस्था जाटव ने बताया कि छात्रावास अधीक्षिका प्रीति सूर्येश कई दिनों तक हॉस्टल नहीं आती हैं। उन्होंने नाश्ते और भोजन की गुणवत्ता को बेहद खराब बताया, जिसमें कई बार सब्जियों में कीड़े निकलने की शिकायतें भी शामिल हैं। छात्राओं का आरोप है कि शिकायत करने पर समस्या का समाधान करने के बजाय उन्हें डांटा जाता है। छात्राओं ने शौचालय और पानी की कमी पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि दूसरी मंजिल पर लगभग 50 लड़कियां रहती हैं, जिनके लिए केवल एक शौचालय है। पानी की कमी के कारण उन्हें रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अतिरिक्त, नहाने के लिए कोई अलग व्यवस्था न होने के कारण उन्हें खुले में नहाना पड़ता है। उन्होंने यह भी बताया कि कई पंखे खराब पड़े हैं और गर्मी के बावजूद कूलर नहीं लगाए गए हैं। शिकायत करने पर छात्राओं से अपने घर से पंखे और कूलर लाने को कहा जाता है। इन सभी समस्याओं से परेशान होकर छात्राएं मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचीं और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।