नीमच। समीपस्थ राज्य राजस्थान के केसुंद में चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर मां विंध्यवासिनी धाम में 26 मार्च 2026 को विशाल धार्मिक आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर शिवपुराण कथा की पूर्णाहुति, 108 कन्याओं का पूजन तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम के तहत दिनभर धार्मिक अनुष्ठान होंगे तथा सायं 7.30 बजे महाआरती का आयोजन किया जाएगा। शिवपुराण कथा की पूर्णाहुति के साथ श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था भी रहेगी, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि अष्टमी और नवमी तिथि पर अपने-अपने कुलदेवता एवं कुलदेवी के निमित्त दीपक प्रज्वलित करें तथा नारियल भेंट करें। साथ ही श्रद्धालुओं से अपने घर पर यथाशक्ति 3 या 9 कन्याओं का पूजन कर उन्हें दक्षिणा एवं प्रसाद देने का आग्रह किया गया है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार कन्या पूजन से मां विंध्यवासिनी प्रसन्न होती हैं और घर-परिवार में सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद बना रहता है। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर धर्म लाभ लेने का आग्रह किया है।