शाजापुर। संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर कालापीपल के तहसील चौराहे स्थित उनकी प्रतिमा पर सुबह से ही श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा। विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक संगठनों के साथ आम नागरिकों ने भी बाबा साहेब को माल्यार्पण कर नमन किया। इस दौरान समस्त समाज की विशेष उपस्थिति ने आयोजन को और भी भावुक और प्रेरणादायक बना दिया। समाज के सदस्यों ने पूरे श्रद्धा भाव से बाबा साहेब का विशाल चल किया और उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। समाज के लोगों ने कहा कि बाबा साहेब ने समाज के हर वर्ग को समान अधिकार दिलाने का कार्य किया, इसलिए वे उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हैं। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक समरसता और समानता का संदेश भी गूंजता रहा, समाजजनों ने कहा कि बाबा साहेब ने हमें जीने का अधिकार दिया है, हम उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लेते हैं। वही इस दौरान जय भीम के नारों से शहर गूंज उठा।