पिपलियामंडी। नगर की एक महिला को मोबाइल फोन पर धमकी देने के मामले में पिपलियामंडी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।
महिला ने पुलिस थाने में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात व्यक्ति लगातार मोबाइल फोन कर उसे परेशान कर रहा है। शिकायत के अनुसार, आरोपी अलग-अलग नाम बताकर पहले उससे मिलने का दबाव बना रहा था। बाद में उसने आपत्तिजनक बातें करते हुए महिला को जान से मारने और उठाकर ले जाने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी विक्रम सिंह इनवे के निर्देशन में पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। साइबर टीम की सहायता से तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले के सभी तथ्यों और उसकी भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।