गरोठ। राहगीर अभियान योजना के अंतर्गत ग्राम बोलिया में खातेदारों की सहमति से रास्ते का शुभारंभ नायब तहसीलदार द्वारा किया गया।
लंबे समय से ग्रामीणों को खेतों पर आने-जाने में हो रही परेशानी को देखते हुए प्रशासन द्वारा यह पहल की गई। नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर सभी संबंधित खातेदारों से चर्चा की। खातेदारों ने सर्वसम्मति से रास्ते के लिए सहमति प्रदान की।
खातेदारों की सहमति के बाद नायब तहसीलदार ने विधिवत रूप से रास्ते का शुभारंभ किया। इस दौरान पटवारी, कोटवार सहित अन्य राजस्व अमला एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
रास्ता खुलने से किसानों को अब अपने खेतों तक कृषि यंत्र एवं वाहन ले जाने में आसानी होगी। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल पर खुशी जताई और नायब तहसीलदार का आभार व्यक्त किया।
राहगीर अभियान योजना के तहत जिले में विवादित एवं अवरुद्ध रास्तों को खातेदारों की आपसी सहमति से खुलवाया जा रहा है, जिससे किसान भाइयों को राहत मिल रही है।