नीमच। जिले के थाना जीरन क्षेत्र में आत्महत्या के प्रयास की एक घटना में डायल-112 टीम की सतर्कता और समझाइश से एक युवक की जान बच गई। युवक अज्ञात कारणों से दवाइयों का ओवरडोज लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया था।
घटना की सूचना 14 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 9 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही जीरन क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को तत्काल मौके पर रवाना किया गया।
मौके पर पहुंचे डायल-112 स्टाफ आरक्षक ब्रह्मानंद भाटी एवं पायलट मनीष राठौर ने स्थिति को संभालते हुए युवक को समझाइश दी और सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद उसे एफआरवी वाहन से थाने लाकर काउंसलिंग की गई।
काउंसलिंग के दौरान युवक ने बताया कि उसने दवाइयों का ओवरडोज लिया है। इसके बाद पुलिस ने उसे परिजनों के साथ तत्काल जीरन अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है और वह अब स्वास्थ्य लाभ ले रहा है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई।