आज दिनांक 14 अप्रैल 2026 को संविधान निर्माता, भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर जी की 135वीं जयंती के पावन अवसर पर नीमच नगर में निकाली गई विशाल शोभायात्रा का जिला मुस्लिम इंतिज़ामिया कमेटी, नीमच द्वारा हृदय से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जुलूस में शामिल सभी भाई-बहनों पर पुष्प वर्षा कर, माला पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान भीषण गर्मी को देखते हुए जुलूस में सम्मिलित लोगों के लिए ठंडे पानी के पाउच एवं फलों का वितरण भी किया गया, ताकि सभी को राहत मिल सके।
जिला मुस्लिम इंतिज़ामिया कमेटी के सदर जनाब गुलाम रसूल पठान ने इस अवसर पर कहा कि:
"बाबासाहेब डॉ. अंबेडकर केवल एक वर्ग या समाज के नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के प्रेरणापुरुष हैं। उन्होंने हमें समानता, बंधुत्व और न्याय पर आधारित संविधान दिया। उनकी जयंती पर निकलने वाला यह जुलूस सामाजिक एकता और संवैधानिक मूल्यों का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों का स्वागत करना हमारा नैतिक और सामाजिक कर्तव्य है। बाबासाहेब ने देश को जो संविधान दिया, उसमें सभी धर्मों, जातियों को बराबरी का अधिकार मिला है। उनकी जयंती का सम्मान करना दरअसल संविधान का सम्मान करना है।
उन्होंने आगे कहा जब एक समुदाय दूसरे समुदाय के महापुरुषों की जयंती पर प्रेम और सम्मान दिखाता है, तो समाज में 'गंगा-जमुनी तहज़ीब' और अधिक मज़बूत होती है। यह आपसी विश्वास बढ़ाता है। क्योंकि अंबेडकर जी, गांधी जी, मौलाना आजा़द, भगत सिंह, और अशफाक उल्ला खान जैसे महापुरुष किसी एक समाज की धरोहर नहीं हैं। वे पूरे देश के हैं। उनका सम्मान करना साझी विरासत को स्वीकार करना है।
MIC अध्यक्ष ने यह भी कहा कि पुष्प वर्षा और जल सेवा जैसे छोटे कदम दिलों की दूरियाँ मिटाते हैं और 'हम सब भारतीय हैं' की भावना को बल देते हैं। एक-दूसरे के आयोजनों में शरीक होने से समाज में फैलाई जाने वाली नफरत और भ्रम की दीवारें गिरती हैं।
जब बच्चे और युवा देखते हैं कि सभी धर्म-समुदाय के लोग मिलकर एक-दूसरे के महापुरुषों का सम्मान कर रहे हैं, तो उनमें बचपन से ही एकता और सहिष्णुता के संस्कार पनपते हैं।
जिला मुस्लिम इंतिज़ामिया कमेटी, नीमच सभी समाजों से अपील करती है कि हम बाबासाहेब के 'शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो' के संदेश को अपनाएं और सभी महापुरुषों की जयंती, त्योहार आपसी प्रेम और भाईचारे से मनाएं। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर जिला मुस्लिम इंतिजा़मिया कमेटी नीमच के अध्यक्ष गुलाम रसूल पठान क साथ MIC के उपाध्यक्ष छोटे खां कुरेशी, मुफ्ती तौसीफ सिद्दीकी, सचिव जावेद दुर्रानी, कोषाध्यक्ष इलियास कुरैशी, एडवोकेट ज़हीर अब्बास, नगर अध्यक्ष सलीम खान गुडलक, सद्दू भाई, अनवर कुरैशी, जा़हिद पठान, यूथ अध्यक्ष जा़किर कुरैशी, नदीम शेख, वसीम मसूदी और मुर्तजा़ कुरैशी विशेष तौर पर उपस्थित रहे।