मनासा। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड मनासा द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर शासकीय रामचंद्र विश्वनाथ महाविद्यालय के छत्रपति शिवाजी सभागृह में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि बनवारीलाल नागदा (जिला गौ सेवा प्रमुख), मुख्य वक्ता आशीष द्विवेदी (प्रांत संयोजक, एबीवीपी), कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेश बसेर (जिला कुटुंब प्रबोधन प्रमुख), विशेष अतिथि सुमित मेडा (सहायक प्राध्यापक) एवं सामाजिक कार्यकर्ता संजय पवार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सभी वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के जीवन, उनके संघर्ष और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा गया कि उनके बताए मार्ग पर चलकर ही हम संविधान के मूल्यों को मजबूत बना सकते हैं।
वक्ताओं ने सामाजिक समरसता पर जोर देते हुए कहा कि जाति, पंथ और प्रांत से ऊपर उठकर “हम सब भारतीय हैं” की भावना के साथ कार्य करना ही बाबा साहब के सपनों का भारत बनाने की दिशा में सच्चा कदम होगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के एमएसडब्ल्यू/बीएसडब्ल्यू के विद्यार्थी, प्रस्फुटन समिति के सदस्य, नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अर्जुन कुमार ने किया, अतिथि परिचय प्रहलाद धनगर द्वारा दिया गया तथा अंत में सपना बैरागी ने आभार व्यक्त किया।