जीरन। नगर परिषद के विशेष सम्मेलन में भाजपा पार्षद दल ने एकजुटता दिखाते हुए जनता के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया। परिषद द्वारा नगर के सामुदायिक मांगलिक भवनों के किराए में वृद्धि का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे भाजपा पार्षदों ने सर्वसम्मति से खारिज कर दिया।
भाजपा पार्षदों ने कहा कि पिछले वर्ष ही मांगलिक भवनों का किराया बढ़ाया जा चुका है, ऐसे में पुनः वृद्धि करना आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ होगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा पार्षद दल ने बैठक शुरू होने से पूर्व ही एक संयुक्त हस्ताक्षर युक्त पत्र परिषद को सौंपा। पार्षदों का कहना था कि ये भवन आम नागरिकों के पारिवारिक एवं सामाजिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र हैं, इसलिए उन पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव डालना उचित नहीं है।
हालांकि, भवनों के रख-रखाव को ध्यान में रखते हुए प्री-बुकिंग पर जमा होने वाली सुरक्षा निधि को 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही परिषद ने स्पष्ट किया कि आगामी वित्तीय वर्ष में नगर में कोई भी नया कर (टैक्स) नहीं लगाया जाएगा।